भारत को जानो प्रतियोगिता में चाँद पब्लिक स्कूल घुघर का दबदबा, कनिष्ठ व वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल
भारत को जानो प्रतियोगिता में चाँद पब्लिक स्कूल घुघर का दबदबा, कनिष्ठ व वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल
पालमपुर। भारत विकास परिषद शाखा पालमपुर द्वारा आयोजित शाखा स्तरीय 'भारत को जानो' प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चाँद पब्लिक स्कूल घुघर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में न्यूगल पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा सेंट पॉल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कनिष्ठ वर्ग में रघुनाथ सहाय ग्लोबल स्मार्ट स्कूल चचियां द्वितीय और न्यूगल पब्लिक स्कूल विंद्रावन तृतीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) अनिल नाग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में मेहनत और लगन के साथ सफलता हासिल करने, संस्कारवान युवा बनने तथा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे संस्कार संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए सहयोग स्वरूप 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
भारत विकास परिषद शाखा पालमपुर के अध्यक्ष संजीव सोनी ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को देशभर में आयोजित 'भारत को जानो' लिखित प्रतियोगिता में लगभग 20 लाख बच्चों ने भाग लिया था। इसी कड़ी में पालमपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो-दो विद्यार्थियों ने शाखा स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें रविवार, 22 नवंबर को भवारना में आयोजित होने वाली प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिता में पालमपुर शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता में क्विज मास्टर की भूमिका नरेश कुमार और रणदीप सूद ने निभाई, जबकि टाइमर की जिम्मेदारी जयसिया राम ने संभाली। प्रांतीय पर्यवेक्षक के रूप में प्रांतीय महिला सहभागिता संयोजिका अंदाज पटियाल उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर न्यूगल पब्लिक स्कूल के उपप्रधानाचार्य सतीश शर्मा, राष्ट्रीय समिति सदस्य (पर्यावरण गतिविधि) मनोज रत्न, शाखा उपाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, पूर्व अध्यक्ष कुशल कटोच, सचिव अनूप कुमार, संस्कार संयोजक रणदीप सूद, जयसिया राम, ज्ञान चंद शर्मा सहित परिषद के अन्य सदस्य, अध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें