भाजपा जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध : त्रिलोक कपूर
भाजपा जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध : त्रिलोक कपूर
पालमपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा एसटी मोर्चा ने किया कार्यक्रम, 2027 में चारों विधानसभा सीटें जीतने का लिया संकल्प
पालमपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा जिला पालमपुर की ओर से भाजपा संगठनात्मक जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष रोहित कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष, बलिदान और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण उत्थान के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और जननायक बताते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके नेतृत्व में हुआ 'उलगुलान' जनजातीय समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि बिरसा मुंडा ने समाज को कुरीतियों, अंधविश्वास और नशाखोरी से दूर रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने का संदेश दिया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जनजातियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के गठन की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रोहित कपूर ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर धरातल पर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पालमपुर संगठनात्मक जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ जुटना होगा।
कार्यक्रम में भाजपा एसटी मोर्चा के उपाध्यक्ष हेमराज डोगरा, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक विजय भट्ट, एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश, माखन कपूर, दूनी चंद, दर्शन कपूर सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने, जनजातीय समाज के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनावों में चारों सीटों पर भाजपा की विजय के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें