नगरी में टीसीपी कानून के विरोध में उमड़ा जनसैलाब, त्रिलोक कपूर बोले- 2027 में भाजपा सरकार बनते ही हटाएंगे कानून
नगरी में टीसीपी कानून के विरोध में उमड़ा जनसैलाब, त्रिलोक कपूर बोले- 2027 में भाजपा सरकार बनते ही हटाएंगे कानून
पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के नगरी जोन में टीसीपी (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) कानून के विरोध में विशाल जन आक्रोश प्रदर्शन किया गया। चचियां से नगरी तक करीब एक किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टीसीपी कानून को वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि नगरी क्षेत्र की स्थानीय परिस्थितियों और जनता की भावनाओं को नजरअंदाज कर टीसीपी कानून थोपना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कानून के कारण लोगों को मकान बनाने, जमीन के उपयोग और निर्माण कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि यदि वर्तमान कांग्रेस सरकार नगरी क्षेत्र से टीसीपी कानून वापस नहीं लेती है, तो वर्ष 2027 में भाजपा की सरकार बनने पर इस कानून को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगरी क्षेत्र की जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। व्यापारी वर्ग परेशान है, युवा नशे की समस्या से जूझ रहे हैं और भू-माफिया की गतिविधियों के कारण आम लोगों के लिए जमीन खरीदना और घर बनाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने चिट्टे की समस्या, भू-माफिया और बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
महिलाओं से जुड़ी गारंटियों का मुद्दा उठाते हुए कपूर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने महिलाओं को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट दी थी, जबकि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। उनके अनुसार, अनेक पात्र महिलाएं अभी भी इस सुविधा का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने 1500 रुपये देने का वादा पूरा नहीं किया और महिलाओं को मिलने वाली बस किराये की छूट भी बंद कर दी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुरेश पठानिया और गोपेश भृगु ने टीसीपी कानून के प्रावधानों तथा इसके लागू होने से आम लोगों को होने वाली संभावित परेशानियों के बारे में जानकारी दी।
संगठनात्मक जिला पालमपुर प्रभारी पंकज जम्वाल ने भी प्रदेश सरकार की नीतियों और पिछले चार वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने विकास कार्यों, युवाओं की समस्याओं और नशे की बढ़ती चुनौती का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं, भाजपा प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अरविंद शर्मा ने टीसीपी कानून के कानूनी प्रावधानों, इसके विभिन्न पहलुओं और आम जनता पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी।
प्रदर्शन में भाजपा संगठनात्मक जिला पालमपुर की अध्यक्ष रागिनी रुकवाल, जिला प्रभारी पंकज जम्वाल, प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक विजय भट्ट, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक अरविंद शर्मा, पालमपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश पठानिया, शहरी मंडल अध्यक्ष गोपेश भृगु, उमेश दत्त शर्मा सहित विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के अंत में उपस्थित लोगों ने टीसीपी कानून वापस लेने की मांग दोहराते हुए क्षेत्र के अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें