ज्वाली में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अर्जुन सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशाल आक्रोश रैली, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
ज्वाली में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अर्जुन सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशाल आक्रोश रैली, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
स्लग: ज्वाली में गरजे पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर, बंद संस्थानों की बहाली और विकास कार्यों को लेकर उठाई आवाज
ज्वाली
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के खिलाफ विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रदेश सरकार की नीतियों और निर्णयों के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया। तपोवन में विधानसभा का शीतकालीन सत्र चलने के बीच आयोजित इस प्रदर्शन को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसडीएम कार्यालय ज्वाली परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र की बदहाल सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा संस्थानों और पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए कार्यालयों एवं संस्थानों को बंद करने या अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
इस दौरान पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर ने एसडीएम ज्वाली के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूर्व सरकार के समय स्वीकृत एवं स्थापित संस्थानों को दोबारा बहाल करने की मांग की गई।
नगरोटा सूरियां की मांगें: नगरोटा सूरियां में अस्पताल का बढ़ा हुआ दर्जा और 50 बिस्तरों की सुविधा बहाल करने, बीडीओ कार्यालय पुनः स्थापित करने, तहसील के लिए भवन उपलब्ध करवाने तथा नगर पंचायत का दर्जा समाप्त कर इसे पुनः ग्राम पंचायत बनाने की मांग उठाई गई।
कोटला क्षेत्र की मांगें: कोटला में डिग्री कॉलेज और आईटीआई का दर्जा बहाल करने, अस्पताल का दर्जा बढ़ाने, पटवार सर्कल दोबारा शुरू करने तथा लगभग 40 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग की गई। इसके अलावा भाली, ठेहड़ और कोटला में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी तथा जोल में हेल्थ सब सेंटर दोबारा शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
ज्वाली क्षेत्र की मांगें: राजकीय महाविद्यालय के भवन का निर्माण करवाकर विज्ञान संकाय की कक्षाएं शुरू करने, आईटीआई भवन बनाने, अस्पताल का बढ़ा हुआ दर्जा बहाल करने और स्वतंत्र बीडीओ कार्यालय स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही क्षेत्र की खराब सड़कों की मरम्मत, बटमील-कैहरियां सड़क को दुरुस्त करने, बेसहारा पशुओं के प्रबंधन, काऊ सेंचुरी का सुचारू संचालन, जवाली नगर परिषद के चुनाव शीघ्र करवाने और संबंधित पंचायतों की पुरानी स्थिति बहाल करने की मांग भी रखी गई।
रैली के समापन पर अर्जुन सिंह ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ज्वाली से भाजपा जीत दर्ज करेगी।
इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष लकी सनोरिया, उपाध्यक्ष मदन चौधरी, जिला परिषद सदस्य शालू नाथ, शशि बाला और शिम्पू जरयाल, रिशु शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें