पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज, 2027 के चुनाव से पहले जनता के बीच पहुंचे पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी
पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज, 2027 के चुनाव से पहले जनता के बीच पहुंचे पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी
बोले– मेरी गलती है तो बताएं, नहीं है तो साथ दें; बल्ह में किए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच रख रहे पक्ष
नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों को पंचायत में वापस लाने का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष दोबारा उठाएंगे प्रकाश चौधरी
अजय सूर्या नेरचौक : विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच बल्ह विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश चौधरी ने पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत वह गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और अपने कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों का ब्यौरा जनता के समक्ष रख रहे हैं।
बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए प्रकाश चौधरी ने बताया कि लोगों की लगातार मांग थी कि वह उनके बीच पहुंचें और उनकी समस्याओं को सुनें। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पंचायतवार जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत उन्होंने इकरम, बैना, पटियाल और चंड्याल पंचायतों का दौरा कर लोगों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच इस उद्देश्य से आ रहे हैं कि लोग खुलकर बताएं कि उनसे कहां गलती हुई है। यदि कोई गलती हुई है तो उसे बताएं, अन्यथा उनका साथ दें। उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में सामान्य विकास कार्यों को करवाने में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी। हालांकि, प्रत्येक व्यक्ति के निजी कार्यों को पूरा करना संभव नहीं होता, लेकिन जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास को हमेशा प्राथमिकता दी गई है।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के बल्ह दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जो मांगें रखीं, उन्हें पूरा करवाने का प्रयास किया गया। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के समक्ष भी क्षेत्र की मांगें रखी गई थीं, जिन्हें पूरा करवाने में सफलता मिली थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने और विकास कार्य करवाने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि इस बार जनसंपर्क अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। यदि जनता की इच्छा हुई तो वह घर-घर जाकर भी लोगों से मुलाकात करने को तैयार हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वह लगभग 500 से 600 मतों के मामूली अंतर से पीछे रह गए थे। इस बार वह जनता के बीच रहकर उस कमी को दूर करना चाहते हैं, ताकि वर्ष 2027 में विधानसभा पहुंचकर प्रदेश और बल्ह क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठा सकें।
नगर निगम से बाहर कर पंचायत बनाने की मांग प्रमुख
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों की ओर से उठाई गई प्रमुख मांग का जिक्र करते हुए प्रकाश चौधरी ने बताया कि कुछ ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निगम में शामिल किए जाने से लोग खुश नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनका क्षेत्र पूरी तरह ग्रामीण परिवेश वाला है, जहां खेतीबाड़ी और जंगल हैं तथा शहरी सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में वे नगर निगम का हिस्सा बने रहने के बजाय दोबारा पंचायत व्यवस्था में शामिल होना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह कई बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री ने भी ग्रामीणों की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। मंडी दौरे के दौरान भी इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया था। अब वह एक बार फिर शिमला जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और मांग के समाधान की समयसीमा को लेकर चर्चा करेंगे।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों को आशंका है कि आगामी छह माह में चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद इस मांग को पूरा करवाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए सरकार को समय रहते निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण क्षेत्रों को दोबारा पंचायत व्यवस्था में शामिल करवाने के लिए वह लगातार प्रयास करेंगे।
मनरेगा को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
मनरेगा के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए प्रकाश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस योजना को शुरू कर ग्रामीणों और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार का अधिकार दिया था, लेकिन भाजपा अच्छे जनकल्याणकारी कार्यों को बंद करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने आरोप ल गाया कि भाजपा के पास लोगों के लिए ठोस विकास कार्यों का जवाब नहीं है, जबकि कांग्रेस हमेशा जनता के बीच रहकर उनके हितों के लिए काम करती आई है।
उन्होंने लोगों से कांग्रेस पार्टी पर विश्वास बनाए रखने और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की। प्रकाश चौधरी ने कहा कि उनका जनसंपर्क अभियान किसी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें