बदुही खास स्कूल के विद्यार्थियों ने किया विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण, विधायक रणबीर सिंह निक्का से की मुलाकात
बदुही खास स्कूल के विद्यार्थियों ने किया विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण, विधायक रणबीर सिंह निक्का से की मुलाकात
लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से जाना, गगल एयरपोर्ट व मां चामुंडा मंदिर के भी किए दर्शन
जसूर : राकेश शर्मा /
धर्मशाला। राजकीय हाई स्कूल बदुही खास के विद्यार्थियों ने बुधवार को धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का से मुलाकात की और विधानसभा की कार्यप्रणाली को नजदीक से जानने का अवसर प्राप्त किया।
विधायक रणबीर सिंह निक्का ने विद्यार्थियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की तथा उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ संसदीय और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गगल एयरपोर्ट का भी दौरा किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने माता श्री चामुंडा देवी मंदिर में माथा टेककर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सतपाल सिंह सहित स्कूल के अध्यापकगण भी उपस्थित रहे।
विधायक रणबीर सिंह निक्का ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और उनकी कार्यप्रणाली को समझने के अवसर भी मिलने चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें