फतेहपुर की जनसमस्याओं को लेकर जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में निकली रोष रैली, 300 लोगों ने बुलंद की आवाज
फतेहपुर की जनसमस्याओं को लेकर जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में निकली रोष रैली, 300 लोगों ने बुलंद की आवाज
राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार के माध्यम से सौंपा मांगपत्र, सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, बेसहारा पशुओं सहित आठ प्रमुख समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में राजा का तालाब में रोष रैली निकाली गई। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से करीब 300 लोगों ने भाग लेकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।
रोष रैली कोटे वाली माता मंदिर के मुख्य द्वार से शुरू होकर उपतहसील कार्यालय राजा का तालाब तक पहुंची। इसके बाद नायब तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश को मांगपत्र भेजकर क्षेत्र की आठ प्रमुख समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने की मांग उठाई गई।
मांगपत्र में कहा गया कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से कई गंभीर जनसमस्याएं बनी हुई हैं, जिनके चलते आम जनता को रोजमर्रा के कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने सरकार और प्रशासन से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आग्रह किया।
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सड़कों की दयनीय स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने सड़कों की मरम्मत एवं उचित रखरखाव करवाने की मांग की। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने और मरीजों को आवश्यक दवाइयां मुहैया करवाने की मांग भी उठाई।
क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान करने, बेसहारा पशुओं के उचित प्रबंधन और बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। ग्रामीणों ने कहा कि बेसहारा पशुओं के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जबकि बंदरों के आतंक से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। इसके चलते कृषि भूमि धीरे-धीरे बंजर होती जा रही है।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत डक और बल्ले दा पीर के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए रेलवे लाइन पर पुल का निर्माण करवाने, सरकारी स्कूलों एवं कार्यालयों में कर्मचारियों की कमी दूर करने तथा सरकारी ठेकेदारों की लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी उठाई गई।
क्षेत्रवासियों ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इन सभी जनहित से जुड़े मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं का जल्द समाधान करवाया जाए, ताकि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
इस मौके पर जय प्रकाश चौधरी, विजय चौधरी, किशोरी धीमान, उत्तम चंद शर्मा, विक्रम सिंह, हरनाम सिंह, तरसेम चौधरी, उत्तम धीमान, कैप्टन चैन सिंह, स्वर्ण सिंह राणा, पूर्व प्रधान बतराहन अनीता देवी, भाटियां पंचायत प्रधान नीलमा देवी, सूबेदार त्रिलोक सिंह, पूर्ण मनहास, कर्म चंद, मदन लाल, कमलेश कुमारी, सत्या देवी, भावना देवी और सुमन कुमारी सहित करीब 300 लोग मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें