बीएड बेरोजगार संघ ने तहसीलदार के माध्यम से सरकार को सौंपा ज्ञापन, बैचवाइज भर्ती बहाल करने की मांग
बीएड बेरोजगार संघ ने तहसीलदार के माध्यम से सरकार को सौंपा ज्ञापन, बैचवाइज भर्ती बहाल करने की मांग
नेरचौक : अजय सूर्या /
जिला मंडी के उपमंडल बल्ह में बीएड बेरोजगार संघ के सदस्यों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के नाम तहसीलदार बल्ह के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संघ ने लंबे समय से रुकी बैचवाइज शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को जल्द बहाल करने और शिक्षक भर्ती के लिए हर साल नियमित रूप से कमीशन निकालने की मांग उठाई।
संघ के सदस्यों ने कहा कि बीएड की डिग्री और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करने के बावजूद कई अभ्यर्थी वर्षों से बेरोजगार हैं। इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी आयु भी लगातार बढ़ रही है।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने मांग की कि बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया बिना देरी शुरू की जाए, शिक्षक भर्ती के लिए हर वर्ष नियमित रूप से कमीशन निकाला जाए तथा पात्र अभ्यर्थियों को वरिष्ठता और बैच के आधार पर जल्द नियुक्तियां प्रदान की जाएं।
संघ के सदस्यों ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो उन्हें आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष पंकज शर्मा, उपाध्यक्ष रीतू भारद्वाज सहित राजेश कुमार, संजय कुमार, वेदा देवी, कृष्ण दास और अन्य बीएड बेरोजगार अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें