रिवालसर में फटी पाइपलाइन से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, लोगों के घरों में घुसा दूषित पानी
रिवालसर में फटी पाइपलाइन से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, लोगों के घरों में घुसा दूषित पानी
वार्ड नंबर-3 में आवाजाही प्रभावित, बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं; लोगों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
रिवालसर : अजय सूर्या /
नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड नंबर-3 में अस्पताल से महज 100 मीटर आगे जल शक्ति विभाग की मुख्य पेयजल पाइपलाइन और सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पाइपलाइन और सीवरेज लाइन से निकल रहा गंदा पानी नवनिर्मित सड़क पर नाले की तरह बह रहा है। वहीं, दूषित पानी रिहायशी मकानों में घुसने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और सड़क पर आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
वार्ड नंबर-3 की पार्षद संतोषी और स्थानीय निवासी यशपाल ठाकुर ने बताया कि इस समस्या के बारे में जल शक्ति विभाग को कई बार मौखिक रूप से और पत्राचार के माध्यम से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द पाइपलाइनों और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवनिर्मित सड़क पर गंदा पानी बहने से सड़क को नुकसान पहुंचने की आशंका है। साथ ही, घरों में दूषित पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो वे सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
क्या कहना है विभाग का?
इस संबंध में जल शक्ति विभाग रिवालसर के सहायक अभियंता राज कुमार ने बताया कि सड़क पक्की होने से पहले ठेकेदार को पाइपों की मरम्मत का काम नहीं करने दिया गया। अब सड़क पक्की होने के बाद सीवरेज लाइनें भी बंद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पाइपों और लाइनों की मरम्मत के लिए सड़क को उखाड़ने की अनुमति मांगी जा रही है, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है।
अब देखना होगा कि सड़क को उखाड़ने की अनुमति मिलने और मरम्मत कार्य शुरू होने तक स्थानीय लोगों को इस समस्या से कब तक राहत मिल पाती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें