चौड़ी होने के बजाय संकरी हो गई सड़क, रिवालसर बाजार में विस्तारीकरण कार्य पर उठे सवाल
चौड़ी होने के बजाय संकरी हो गई सड़क, रिवालसर बाजार में विस्तारीकरण कार्य पर उठे सवाल
फुटपाथ भी नहीं बने, जाम से लोग परेशान; स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री सुक्खू से तकनीकी जांच करवाने की उठाई मांग
नेरचौक : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंडी–कलखर वाया रिवालसर सड़क मार्ग के रिवालसर बाजार हिस्से में सड़क विस्तारीकरण कार्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में कथित खामियों पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया है कि जिस सड़क को चौड़ा कर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की उम्मीद थी, वह कुछ हिस्सों में पहले से भी अधिक संकरी नजर आ रही है। वहीं, राहगीरों की सुरक्षित आवाजाही के लिए फुटपाथों का निर्माण भी नहीं किया गया है।
करीब 25 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग का निर्माण एवं सुधार कार्य विश्व बैंक के सहयोग से किया जा रहा है। परियोजना पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान बताया जा रहा है। इसके बावजूद रिवालसर बाजार में सड़क की चौड़ाई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सड़क विस्तारीकरण का उद्देश्य यातायात को सुचारू बनाना और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, तो बाजार क्षेत्र में इन उद्देश्यों के अनुरूप कार्य दिखाई देना चाहिए।
फुटपाथ न होने से राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल
रिवालसर बाजार में फुटपाथ नहीं होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को वाहनों के बीच सड़क पर आवाजाही करनी पड़ रही है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सड़क की सीमित चौड़ाई के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और बार-बार लगने वाले जाम से स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, वाहन चालकों तथा राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क विस्तारीकरण के दौरान निर्धारित मानकों और स्वीकृत नक्शे के अनुरूप कार्य हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जानी चाहिए। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की परियोजना का लाभ तभी मिलेगा, जब निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हो और बाजार में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिले।
नगर पंचायत ने भी माना, कार्य में हैं खामियां
नगर पंचायत रिवालसर के अध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर ने कहा कि रिवालसर बाजार में सड़क विस्तारीकरण कार्य में अनेक खामियां हैं। इस मामले को सरकार के ध्यान में लाया जा रहा है, ताकि सड़क से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके।
मुख्यमंत्री से तकनीकी जांच करवाने की मांग
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने सड़क विस्तारीकरण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच करवाने, बाजार में सड़क की वास्तविक चौड़ाई मापने, स्वीकृत नक्शे एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा करने तथा राहगीरों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण पर बड़ी धनराशि खर्च होने के बाद भी यदि बाजार में जाम, संकरी सड़क और फुटपाथ जैसी समस्याएं बनी रहती हैं, तो परियोजना के उद्देश्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि प्रदेश सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है और रिवालसर बाजार के लोगों को इन समस्याओं से कब तक राहत मिलती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें