महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज को समानता और सहयोग की राह दिखाते हैं: डॉ. बिंदल
महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज को समानता और सहयोग की राह दिखाते हैं: डॉ. बिंदल
सोलन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अग्रवाल सभा, सोलन द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती एवं नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
डॉ. बिंदल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया। उनकी ‘एक ईंट, एक रुपया’ की परंपरा जरूरतमंदों की सहायता, सामूहिक सहयोग और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने ऐसी सामाजिक व्यवस्था की कल्पना की, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बने और आपसी सहयोग से समाज की उन्नति में योगदान दे। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता और परस्पर सहयोग की राह दिखाते हैं।
इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ी।
डॉ. बिंदल ने समारोह के सफल आयोजन के लिए अग्रवाल सभा, सोलन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी और समाज सेवा तथा सामाजिक समरसता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें