धान खरीद केंद्र फतेहपुर में व्यवस्थाओं को लेकर किसान परेशान
धान खरीद केंद्र फतेहपुर में व्यवस्थाओं को लेकर किसान परेशान
धान बेचने पहुंचे किसानों को मौसम की चिंता, तिरपाल व शैड की व्यवस्था न होने से बढ़ी परेशानी
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
फतेहपुर स्थित धान खरीद केंद्र में किसान अपनी धान की फसल बेचने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन खरीद केंद्र पर पर्याप्त व्यवस्थाएं न होने के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब मौसम ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
किसानों का कहना है कि खरीद केंद्र में धान को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था नहीं है, जबकि मौसम कभी भी करवट ले सकता है। ऐसे में खुले में रखी धान की फसल खराब होने का डर किसानों को सताने लगा है।
किसानों में धोलपुर क्षेत्र से कुलदीप सिंह व अन्य ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि खरीद केंद्र में पक्के शैड की व्यवस्था की जाए, ताकि किसान अपनी फसल को सुरक्षित रख सकें। इसके साथ ही किसानों ने खरीद केंद्र में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी मांग उठाई है, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले किसानों को भोजन व चाय-पानी के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।
किसानों ने एक अन्य समस्या उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से धान खरीद केंद्र तक पहुंचने वाली कई टूटी-फूटी सड़कें भी उनके लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। खराब सड़कों के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में धान को मंडी तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।
किसानों ने सरकार व विभाग से मांग की है कि धान खरीद केंद्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ किसानों की सुविधा के लिए शैड, तिरपाल, कैंटीन और बेहतर सड़क व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न उठनी पड़े।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें