अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर वृद्धाश्रम में गूंजे गीत-भजन, बुजुर्गों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर वृद्धाश्रम में गूंजे गीत-भजन, बुजुर्गों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
बल्ह वैली कल्याण सभा ने शॉल भेंट कर किया सम्मान, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
नेरचौक : अजय सूर्या /
अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर बल्ह वैली कल्याण सभा की ओर से वृद्धाश्रम भंगरोटू में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गीत-संगीत, भजनों और आत्मीय संवाद के बीच आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना देखने को मिली।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सहायक निदेशक, जन कल्याण विभाग रविन्द्र गुलेरिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी विवेक कैश्थ विशेष रूप से मौजूद रहे।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी से पहुंचे विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों का मनोरंजन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से वृद्धाश्रम का माहौल खुशनुमा हो गया। बुजुर्गों ने भी प्रस्तुतियों का आनंद लिया और विद्यार्थियों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बल्ह वैली कल्याण सभा के सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके सुख-दुख साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभा की ओर से वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का सम्मान करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व की भावना को मजबूत करना रहा।
गीत-भजनों और सम्मान के इस आयोजन ने बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटने के साथ उन्हें यह एहसास भी कराया कि समाज उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर सूरत सिंह गुलेरिया, ध्यान सिंह गुलेरिया, बलदेव गुलेरिया, डॉ. सुभाष गुलेरिया, सुरेंद्र गुलेरिया, लाल सिंह वर्मा, मनोहर लाल भार्गव, जगदीप गुलेरिया सहित वृद्धाश्रम के प्रधान डॉ. दिनेश विशिष्ठ मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें