हिम आंचल पेंशनर्ज संघ चम्बा ब्लॉक की मासिक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह बेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई
हिम आंचल पेंशनर्ज संघ चम्बा ब्लॉक की मासिक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह बेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सदस्यों ने पेंशनभोगियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में गत 20 सितंबर को चम्बा शहर में आयोजित जिला स्तरीय बैठक के सुझावों पर अमल करने का निर्णय लिया गया। संघ ने प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग की है कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के वेतन संशोधन की 10 से 15 प्रतिशत शेष बकाया राशि तथा अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का भुगतान अविलंब बिना किसी शर्त किया जाए। इसके साथ ही पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन और अन्य संगठनों द्वारा बनाए जा रहे दबाव का हवाला देते हुए संघ ने मांग की है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सरकार महंगाई भत्ते की कम से कम दो किस्तें इसी माह जारी करे, ताकि पेंशनर्स और कर्मचारी अपने परिवारों के साथ खुशी-खुशी दीवाली मना सकें। उन्होंने पंजाब सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 8 प्रतिशत डीए की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जबकि हिमाचल में 15 प्रतिशत डीए लंबित है और वर्तमान कार्यकाल की आठ में से महज तीन किस्तें ही दी गई हैं। बैठक में लंबे समय से लंबित पड़े लाखों रुपये के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान पर भी गहरी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती उम्र और बीमारियों के चलते पेंशनर्स को भारी आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है, इसलिए सरकार तुरंत पर्याप्त बजट का प्रावधान कर इन बिलों का निपटारा करे। बैठक में ठाकुर सिंह, पुन्नू राम, कुलदीप अहीर, प्रेम लाल, सुभाष यादव, कर्म चंद, मुश्ताक, मान सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें