त्रिसंगम पब्लिक स्कूल रिवालसर में दिव्यांग बच्चों के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी, विद्यार्थियों ने बढ़ाया उत्साह
त्रिसंगम पब्लिक स्कूल रिवालसर में दिव्यांग बच्चों के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी, विद्यार्थियों ने बढ़ाया उत्साह
नेरचौक : अजय सूर्या /
त्रिसंगम पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवालसर में दीपावली के उपलक्ष्य में साकार स्पेशल स्कूल सुंदरनगर की ओर से आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न घरेलू एवं सजावटी उत्पाद प्रदर्शित किए गए। विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी कर बच्चों की प्रतिभा और मेहनत को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर त्रिसंगम पब्लिक स्कूल के संस्थापक एवं प्रबंधक बी.डी. शर्मा ने साकार स्पेशल स्कूल की प्रभारी पवना कुमारी, समस्त स्टाफ, संस्थापक महेश शर्मा और सचिव सुनील कुमार वालिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी अपनी प्रतिभा से नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहयोग, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। साथ ही उन्होंने खरीदारी के माध्यम से दिव्यांग बच्चों का उत्साह बढ़ाने वाले विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें