राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझवाड़ में नशा मुक्ति अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम आयोजित।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझवाड़ में नशा मुक्ति अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम आयोजित।
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति एवं मंडी साक्षरता एवम जन विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझवाड़ में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव गजेंद्र शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति आज समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल जागरूकता कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज के सामूहिक प्रयास भी आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा खेलकूद, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक सामाजिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
स्कूल के प्रधानचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति एवं मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा नशा मुक्ति अभियान युवाओं को जागरूक करने और समाज में नशे के विरुद्ध जनमत तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज में भी नशा मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की जिला सह सचिव विनय कुमारी के द्वारा हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की पृष्ठ भूमि के बारे में विस्तार से बताया और समिति के द्वारा चलाये जाने वाले अभियानों के बारे में विस्तार से बात रखी गई l युवा बचाओ अभियान के तहत समिति शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत स्तरीय, महिलामंडल और अभिवावको के साथ भी संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है l इस कार्यक्रम में हिमाचल ज्ञान विज्ञानं समिति द्वारा बनाई गई " द वाइट ट्रुथ " वेब सीरीज़ का ट्रेलर भी बच्चों को दिखाया गया। कार्यक्रम में सदरखण्ड इकाई सदस्य नीरा, रोशनी, स्कूल अध्यापककों सहित लगभग 180 बच्चों ने भाग लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें