नूरपुर पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, 9 माह में 175 आरोपी गिरफ्तार

 नूरपुर पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, 9 माह में 175 आरोपी गिरफ्तार

103 एनडीपीएस मामले दर्ज, 29.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने को मंजूरी; 210 शिक्षण संस्थानों के 15,234 विद्यार्थियों को किया जागरूक


नूरपुर : विनय महाजन /

पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जनवरी से सितंबर 2026 तक नौ माह के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 103 मामले दर्ज कर 175 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए 17 मामलों में कुल 29 करोड़ 95 लाख 92 हजार 857 रुपये की संपत्ति जब्त करने के लिए सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी प्राप्त की गई है। पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया है।

पुलिस जिला नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसार, दर्ज 103 मामलों में हेरोइन के 71, चरस के 29, चूरा-पोस्त के दो और अफीम का एक मामला शामिल है । इन मामलों में गिरफ्तार किए गए 175 आरोपियों में 160 पुरुष और 15 महिलाएं हैं।

हेरोइन, चरस और अफीम समेत मादक पदार्थ बरामद

पुलिस ने नौ माह के दौरान कार्रवाई करते हुए 2 किलो 262 ग्राम हेरोइन, 19 किलो 285 ग्राम चरस, 4 किलो 172 ग्राम चूरा-पोस्त और 428 ग्राम अफीम बरामद की है। इसके अतिरिक्त एक लाख 44 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

29.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने को मंजूरी

नशा तस्करी से जुड़े मामलों में आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 मामलों में कुल 29 करोड़ 95 लाख 92 हजार 857 रुपये की संपत्ति को लेकर सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी प्राप्त की है। इसके अलावा 2 करोड़ 20 लाख 8 हजार 358 रुपये की संपत्ति की जब्ती और फ्रीजिंग की प्रक्रिया लंबित है।

पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए 38 मामलों में से 23 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सात मामले लंबित बताए गए हैं।

210 शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान

नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस युवाओं को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दे रही है। जनवरी से सितंबर 2026 तक पुलिस जिला नूरपुर के 210 शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 15,234 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए नशा निवारण समितियों का गठन भी किया गया है।

24 मामलों में आरोपियों को सजा

एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसार, नशे से संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई के तहत न्यायालयों द्वारा 24 मामलों में आरोपियों को सजा सुनाई जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों और आम लोगों से युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही नशे की तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करने का आग्रह किया है।

पुलिस का उद्देश्य नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ युवाओं को नशे के दुष्चक्र से बचाना है। इसके लिए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई और जन-जागरूकता अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ज्वाली के हार, नाणा, बालदोआ सड़क 10 से 23 अक्टूबर तक रहेगी बंद, जानें वैकल्पिक रूट

जौंटा व खज्जियां के युवकों से 10.47 ग्राम चिट्टा हुआ बरामद, सीट के फुट मैट के नीचे छिपाया था

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के PSO रहे बलवंत पठानिया का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

क्षेत्र में 6 दिन हुई भूख हड़ताल के समापन पर अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघ के निदेशक राजेश सिंह पठानिया ने उठाए अनेको सवाल

जिला पुलिस नूरपुर की एक टीम ने अपनी बुद्धिमत्ता से 48 घंटे में चोरी का मामला सुलझाया गया

मिनी सचिवालय फतेहपुर में खुली कैंटीन, बाजार से कम दाम पर मिलेगा ब्रेकफास्ट और लंच

​राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ की छात्रा अंशिका धीमान ने जिला स्तरीय 3000 मीटर दौड़ में जीता कांस्य पदक !

ढही चार मंजिला इमारत, मलबे में दबी गर्भवती महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम

चौधरी चंद्र कुमार द्वारा तबादलों का मुद्दा कैबिनेट में उठाना जायज, लेकिन बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी भी बंद हो: साधू राम राणा

जयसिंहपुर के राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव में पंजाबी गायक निंजा मचाएंगे धमाल