बल्ह कांग्रेस ने आउटसोर्स कर्मचारियों से की मुलाकात, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
बल्ह कांग्रेस ने आउटसोर्स कर्मचारियों से की मुलाकात, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
अजय सूर्या नेरचौक । नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं और आत्मदाह का प्रयास करने वाले कर्मचारी से मिलने के लिए बल्ह कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित कर्मचारी व अन्य कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बल्ह कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण ठाकुर, युवा कांग्रेस बल्ह के अध्यक्ष निशांत राव, रिवालसर जोन कांग्रेस अध्यक्ष किशोर ठाकुर, वरिष्ठ नेता अजय ठाकुर, ईश्वर राव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने कर्मचारियों से बातचीत की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पार्टी गंभीर है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बल्ह कांग्रेस कमेटी और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर्मचारियों एवं दैनिक भोगी कर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नीति का ड्राफ्ट तैयार करने की दिशा में कार्य कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित नीति के माध्यम से प्रदेश के हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों को भविष्य में सामाजिक सुरक्षा और न्याय मिल सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से संयम बनाए रखने और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखने की अपील भी की।
फोटो कैप्शन : आउटसोर्स कर्मचारी से बातचीत करते कांग्रेस बल्ह मंडल अध्यक्ष अरुण ठाकुर युवा कांग्रेस बल्ह मंडल अध्यक्ष निशांत राव, रिवालसर जोन अध्यक्ष किशोरी ठाकुर

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें