चार माह से पाइप लीकेज, स्कूल गेट के पास जमा हो रहा है पानी
चार माह से पाइप लीकेज, स्कूल गेट के पास जमा हो रहा है पानी
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ में पंचायत भवन के समीप बनी कच्ची नाली में पिछले करीब चार माह से पाइप लीकेज होने के कारण पानी बह रहा है। लीकेज के कारण पानी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुर-घाड़ के मुख्य गेट के पास जमा हो जाता है। इससे स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ के प्रधान निर्मल सिंह पठानिया ने बताया कि पाइप लीकेज की समस्या को ठीक करवाने के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को कई बार मौखिक रूप से अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि लगातार पानी जमा रहने से स्कूल परिसर के आसपास गंदगी फैलने के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी परेशानी हो रही है।
प्रधान ने बताया कि पंचायत की ओर से उक्त स्थान पर स्कूल के लिए खेल मैदान विकसित करने की योजना है, लेकिन पाइप लीकेज के कारण वहां पानी जमा रहता है। ऐसे में खेल मैदान का निर्माण कार्य भी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग की ओर से पाइप लीकेज को ठीक करवाने में कोई समस्या है तो वह स्वयं इसका पूरा खर्च उठाने के लिए तैयार हैं, ताकि बच्चों को सुविधा मिल सके और खेल मैदान का निर्माण भी किया जा सके।
निर्मल सिंह पठानिया ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पाइप की लीकेज को जल्द ठीक करवाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके तथा प्रस्तावित खेल मैदान के निर्माण का रास्ता भी साफ हो सके।
इस बारे जब जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता निर्मल सिंह से जानना चाहा तो उन्होंने बताया मुझे आपके माध्यम से जानकारी मिली है ! इस लीकेज पाईप को जल्द ही ठीक करवा दिया जायेगा ! ताकि पानी व्यर्थ ना बहे !
ज्वाली से राजेश कतनौरिया

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें