आरोग्य जन कल्याण समिति ने धूमधाम से मनाया चौथा स्थापना दिवस, वृद्धाश्रम भवन के लिए जुटाए 31 हजार रुपये
आरोग्य जन कल्याण समिति ने धूमधाम से मनाया चौथा स्थापना दिवस, वृद्धाश्रम भवन के लिए जुटाए 31 हजार रुपये
बुजुर्गों की सेवा और सम्मान का दिया संदेश, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
अजय सूर्या नेरचौक। आरोग्य जन कल्याण समिति ने जीवन सहारा वृद्धाश्रम, गुटकर में अपना चौथा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। समारोह में बुजुर्गों के सम्मान, मानवता की सेवा और सामाजिक सहयोग का संदेश दिया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम के नए भवन के निर्माण के लिए 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (1897) हिमाचल प्रदेश के प्रदेश सचिव राजेंद्र पाल चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा जिला मंडी की ओर से 21 हजार रुपये तथा महासभा के पदाधिकारी खूब राम चौहान ने 10 हजार रुपये का चेक भेंट किया। यह राशि वृद्धाश्रम के नए भवन के निर्माण एवं बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए दी गई।
समारोह में शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स स्कूल, मंडी के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही बटोरी। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए कॉपियां, पेन और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
आश्रम की अध्यक्ष एवं संचालिका प्रिंसी गुलेरिया ने सभी अतिथियों, दानदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही बुजुर्गों की देखभाल और सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। समारोह में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महासभा के पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान समिति ने भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें