नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी बनी मरीजों के लिए वरदान, 232 से अधिक सफल ऑपरेशन
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी बनी मरीजों के लिए वरदान, 232 से अधिक सफल ऑपरेशन
28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक तकनीक से मरीजों को निजी अस्पतालों के मुकाबले कम खर्च में मिल रहा बेहतर उपचार, मंडी-कुल्लू सहित कई जिलों के लोगों को लाभ
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की पहल अब धरातल पर सकारात्मक परिणाम दिखा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मंडी जिले के श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में शुरू की गई अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस सुविधा के माध्यम से अब तक 232 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं।
करीब 28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस आधुनिक तकनीक से मंडी, कुल्लू और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल रही है। खास बात यह है कि मरीजों को बड़े निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य परिवारों को भी अत्याधुनिक उपचार का लाभ मिल रहा है।
चार महीने से बीमार पत्नी की रोबोटिक सर्जरी सफल, परिजनों ने जताया आभार
थुनाग क्षेत्र के लंबाथाच निवासी महेंद्र नाथ ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले चार महीनों से बीमार थीं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उनका उपचार करवाया। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी, जिसके बाद उनकी पत्नी की रोबोटिक सर्जरी की गई। यह सर्जरी सफल रही और अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
महेंद्र नाथ ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि घर के नजदीक इतनी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होना आम लोगों के लिए बड़ी राहत है।
निजी अस्पतालों से कम खर्च में मिला बेहतर उपचार
कुल्लू जिले के भुंतर निवासी धर्मवीर ने बताया कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। पहले उन्होंने कुल्लू अस्पताल में जांच करवाई, जहां चिकित्सकों ने सर्जरी की सलाह देते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक जाने का सुझाव दिया। यहां चिकित्सकों ने उनकी जांच के बाद रोबोटिक सर्जरी की, जो सफल रही।
धर्मवीर ने बताया कि वह पेंटर का काम करते हैं और उनके लिए निजी अस्पताल में महंगा उपचार करवाना मुश्किल था। मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उन्हें निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में बेहतर उपचार मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस सुविधा से सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
घर के नजदीक मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा, मरीजों को राहत
बालीचौकी निवासी गीतानंद ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से बीमार थीं। मेडिकल कॉलेज नेरचौक में जांच करवाने के बाद चिकित्सकों ने सर्जरी की सलाह दी। इसके बाद उनकी पत्नी की रोबोटिक सर्जरी की गई, जो सफल रही। सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
गीतानंद ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध इस आधुनिक सुविधा से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों में जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हुई है।
स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होना प्रदेश की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस तकनीक के माध्यम से अब तक 232 से अधिक सफल सर्जरी होना इसकी उपयोगिता को दर्शाता है।
मरीजों और उनके परिजनों के अनुभव बताते हैं कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से आम जनता को गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ आर्थिक राहत भी मिल रही है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज की यह सुविधा प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान देने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें