एसडीएम पालमपुर ने की बैठक की अध्यक्षता
एसडीएम पालमपुर ने की बैठक की अध्यक्षता
30 नवंबर तक निःशुल्क khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन करें आवेदन
पालमपुर, 20 नवंबर :‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश की खेल प्रतियोगिता ‘खेलो हिमाचल 2026’ के सफल आयोजन को लेकर आज उपमंडल पालमपुर में उपमंडल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम पालमपुर डॉ ओपी यादव ने की। बैठक में उपमंडल के विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान एसडीएम ने सभी स्कूल प्रतिनिधियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि वे अपने-अपने संस्थानों के इच्छुक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण 30 नवंबर 2026 से पहले सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण पूरी तरह से निःशुल्क है, जिसे आधिकारिक वेबसाइट khelohimachal.hp.gov.in पर जाकर किया जा सकता है। इस प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केवल संबंधित उप मंडल का खिलाड़ी ही उपमंडल स्तरीय खेलों में भाग ले सकता है।
उपमंडल स्तर पर खेलों के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए एसडीएम ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करते हुए पालमपुर उपमंडल के सभी प्रतिभागी स्कूलों के लिए दो ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किए। इसके साथ ही, प्रतियोगिता में शामिल सभी आठ खेल स्पर्धाओं - क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी(टग ऑफ वार), बैडमिंटन, हॉकी और कबड्डी के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी भी तैनात किए गए हैं, ताकि सभी स्पर्धाएं बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि उप मंडल स्तरीय पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार रखे गए हैं तथा उनका चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
एसडीएम ने सभी शिक्षण संस्थानों से आह्वान किया कि वे युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए इस महाकुंभ में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि ‘खेलो हिमाचल 2026’ के तहत राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 लाख रुपये तक की इनामी राशि जीतने का अवसर भी रखा गया है।
बैठक में युवा सेवा एवं खेल विभाग से नियुक्त किए गए नोडल ऑफिसर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें