जोगिंद्रनगर के बिलिंग कॉम्प्लेक्स में आग लगने से कपड़े की दुकान जलकर राख।
जोगिंद्रनगर के बिलिंग कॉम्प्लेक्स में आग लगने से कपड़े की दुकान जलकर राख।
- अग्निकांड में दुकानदार को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान।
मंडी : अजय सूर्या /
- दमकल विभाग की मुस्तैदी से 20 अन्य दुकानों को जलने से बचाया।
- सुबह करीब 8 बजे हुई घटना, आग लगने के कारणों की जांच जारी
मंडी जिला के जोगिंद्रनगर स्थित बिलिंग कॉम्प्लेक्स में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से एक कपड़े की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कॉम्प्लेक्स की करीब 20 अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आने के खतरे में आ गईं। हालांकि, दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस अग्निकांड में दुकानदार को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे बिलिंग कॉम्प्लेक्स की दुकान नंबर 42 से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा सामान जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शी प्रतीक्षा ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले दुकान के शटर के अंदर से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कॉम्प्लेक्स में बैंक सहित कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी संचालित हैं। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए एहतियातन आसपास की दुकानों को खुलवाकर जांच की गई, ताकि किसी अन्य दुकान में आग न फैल सके।
इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकानदार पूजा को करीब 15 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है
एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है
दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बिलिंग कॉम्प्लेक्स की अन्य करीब 20 दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों और नुकसान का पता लगाने में जुटा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें