एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, टीबी मुक्त भारत का दिया संदेश
एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, टीबी मुक्त भारत का दिया संदेश
नगरोटा सूरियां : शाम स्वरूप /
खंड चिकित्सा अधिकारी नगरोटा सूरियां डॉ. अमन दुआ के आदेशानुसार पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा सूरियां में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य हरभजन सिंह सोहल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में खंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुभाष चंद और सुमन कुमारी ने रिसोर्स पर्सन के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुभाष चंद ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि एनएसएस से जुड़े विद्यार्थी सेवा भाव के साथ समाज को विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे समाज में भाईचारे, आपसी मेल-मिलाप और सेवा भावना का संदेश पहुंचता है। एनएसएस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समुदाय की जरूरतों से अवगत करवाना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटका, खैनी, भांग, शराब, अफीम, चिट्टा और नशीली दवाइयों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से मुंह, फेफड़ों और लिवर के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक चलाए जा रहे तंबाकू फ्री युवा कैंपेन के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अभियान की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की तथा सभी बच्चों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान की शपथ भी दिलाई।
सुभाष चंद ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा एक्ट-2003 की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों और सरकारी एवं निजी कार्यालयों में धूम्रपान करने पर 200 रुपये जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के 300 फुट के दायरे में तंबाकू उत्पादों की दुकान खोलना तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना या उनके सेवन के लिए प्रेरित करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान को तंबाकू मुक्त होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि शाम के समय बुखार आना, वजन कम होना, लगातार खांसी रहना, बलगम में खून आना, छाती में दर्द और थकावट जैसे लक्षण क्षय रोग (टीबी) के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बलगम जांच, छाती का एक्स-रे, सीबीनेट, ट्रूनेट और अन्य आवश्यक जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध हैं तथा निर्धारित डॉट्स उपचार पूरा करने से इस बीमारी को ठीक किया जा सकता है।
वहीं, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुमन कुमारी ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और एनीमिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता सपन कुमार, एनएसएस समन्वयक सुदेश कुमार, अंजना धीमान, केवल कृष्ण सहित एनएसएस के 50 स्वयंसेवी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें