ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक ऐतिहासिक; पीएम मोदी करें स्वागत: शांता कुमार
ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक ऐतिहासिक; पीएम मोदी करें स्वागत: शांता कुमार
पालमपुर, 21 नवंबर: पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने विश्व के तीन सबसे प्रभावशाली देशों—अमेरिका, चीन और रूस—के शीर्ष नेताओं डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के पहली बार एक साथ बैठने को अंतरराष्ट्रीय महत्व की ऐतिहासिक घटना बताया है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में परमाणु हथियारों, संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक स्थिरता जैसे गंभीर विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है तथा विश्व शांति का घोषणापत्र भी जारी किया गया है।
शांता कुमार ने चिंता जताते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों ने बड़े विध्वंसक और परमाणु हथियार बना लिए हैं और नए भयंकर शस्त्र बनाने की होड़ जारी है। इस वजह से आज पूरी दुनिया बारूद के ढेर पर बैठी है और कहीं भी लगी एक चिंगारी पूरे विश्व को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने दो विश्व युद्धों और हिरोशिमा व नागासाकी में परमाणु बमों से हुए विनाश को याद करते हुए कहा कि युद्धों के बाद बना अंतरराष्ट्रीय संगठन शुरुआती दौर में प्रभावी रहा, लेकिन बड़े देशों द्वारा उसके नियमों का पालन न करने के कारण आज वह बेहद कमजोर हो गया है। ऐसे हालात में इन तीन महाशक्तियों के नेताओं का मिलन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आग्रह किया है कि वे तीनों देशों के नेताओं की इस ऐतिहासिक बैठक का स्वागत करें और विश्व के अन्य देशों को भी इसमें पूरा सहयोग देने के लिए प्रेरित करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें