रत्ती में जल निकासी का अधूरा काम दो-तीन दिन में होगा शुरू, दुकानदारों को राहत की उम्मीद
रत्ती में जल निकासी का अधूरा काम दो-तीन दिन में होगा शुरू, दुकानदारों को राहत की उम्मीद
तीन महीने से परेशान दुकानदारों ने 1100 हेल्पलाइन पर भी की थी शिकायत, दुकानों के आगे खोदे गए गड्ढों से कारोबार प्रभावित
अजय सूर्या नेरचौक। बल्ह के रत्ती बाजार में जल निकासी की समस्या से जूझ रहे दुकानदारों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। करीब तीन महीने से ड्रेन पाइपों और नालियों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके चलते दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों के सामने खोदे गए गड्ढों के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों ने लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 पर कई बार शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद समाधान न होने पर नाराजगी जताई थी। दुकानदारों का कहना है कि जल निकासी बाधित रहने से गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। करीब आधा किलोमीटर क्षेत्र में इस समस्या से दुकानदारों के साथ स्थानीय निवासी भी परेशान हैं।
दो-तीन दिन में पहुंचेगी लेबर, फिर शुरू होगा काम
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अंशुल चौधरी ने बताया कि दिवाली के दौरान मजदूरों के चले जाने के कारण पिछले करीब दो सप्ताह से निर्माण कार्य रुका हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी दो से तीन दिनों में लेबर पहुंच जाएगी और इसके तुरंत बाद ड्रेन पाइपों तथा नालियों का निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवा दिया जाएगा।
अब दुकानदारों को विभाग के इस आश्वासन के धरातल पर उतरने का इंतजार है। उनकी मांग है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि कारोबार और आम लोगों की आवाजाही सामान्य हो सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें