युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला — प्रो. अनूपमा सिंह
युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला — प्रो. अनूपमा सिंह
मंडी : अजय सूर्या /
नोबल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में “भारत का भविष्य और युवाओं की भूमिका” विषय पर एक सार्थक एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, उद्यमिता, आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और विकसित भारत के संकल्प जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर प्रो. अनूपमा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का भविष्य उसकी युवा शक्ति पर निर्भर है। युवाओं को केवल नौकरी पाने की मानसिकता तक सीमित न रहकर नए अवसर पैदा करने, उद्यमिता अपनाने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर युवा ही आत्मनिर्भर समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय अपनी प्रतिभा, रुचि और क्षमताओं को पहचानें तथा पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ-साथ स्टार्टअप, स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता की संभावनाओं पर भी विचार करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक युवा की सक्रिय भागीदारी से पूरा होगा।
प्रो. सिंह ने कहा कि युवा केवल भारत के भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि आज के भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनकी ऊर्जा, रचनात्मकता, तकनीकी क्षमता और नए विचार देश को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने नोबल कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जसवंत यादव, सुनील डोगरा एवं शिल्पा के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम के आत्मीय स्वागत एवं आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संवाद विद्यार्थियों को अपने भविष्य के बारे में नए दृष्टिकोण से सोचने के लिए प्रेरित करेगा और वे व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेंगे।
“सशक्त युवा — आत्मनिर्भर भारत की पहचान और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें