केडीसी राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर के एनसीसी कैडेट करण डोगरा का अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान के पोंग डैम कैंप के लिए चयन
केडीसी राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर के एनसीसी कैडेट करण डोगरा का अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान के पोंग डैम कैंप के लिए चयन
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय, जयसिंहपुर की एनसीसी सब-यूनिट के कैडेट करण डोगरा ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान द्वारा रीजनल स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, पोंग डैम, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) में आयोजित कैंप के लिए 5 एचपी बटालियन एनसीसी, धर्मशाला से केवल तीन कैडेट्स का चयन किया गया, जिनमें केडीसी राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर की एनसीसी सब-यूनिट के कैडेट करण डोगरा भी शामिल रहे।
कैडेट करण डोगरा ने 2 अगस्त से 10 अगस्त, 2026 तक आयोजित इस कैंप में सफलतापूर्वक भाग लिया। कैंप के दौरान उन्होंने राफ्टिंग, कैनोइंग, सर्फिंग सहित अनेक साहसिक एवं जल-क्रीड़ा गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इन गतिविधियों से उनके व्यावहारिक कौशल में वृद्धि हुई तथा उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, साहस, अनुशासन, टीम भावना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता का विकास हुआ।
विशेष उल्लेखनीय है कि यह कैडेट करण डोगरा के प्रथम वर्ष में एनसीसी का तीसरा कैंप था। इतने कम समय में लगातार विभिन्न कैंपों में सहभागिता करना उनके समर्पण, सक्रियता एवं एनसीसी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण चंदर ने कैडेट करण डोगरा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके प्रयासों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि करण की उपलब्धि अन्य कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत है। प्राचार्य ने पूर्व एनसीसी सीटीओ प्रो. रजनी देवी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नवस्थापित एनसीसी इकाई को प्रारंभ करने और कैडेट्स को विभिन्न आयोजनों एवं कैंपों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान एनसीसी सीटीओ प्रो. हरजिंदर सिंह भी इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए एनसीसी इकाई को निरंतर प्रगति की दिशा में ले जा रहे हैं।
महाविद्यालय परिवार ने कैडेट करण डोगरा को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
— प्राचार्य
प्रो. अरुण चंदर
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय, जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें