रैहन-कंदौर मार्ग किनारे सीवरेज कार्य स्थानीय लोगों ने करवाया बंद
रैहन-कंदौर मार्ग किनारे सीवरेज कार्य स्थानीय लोगों ने करवाया बंद
पाइप का आकार छोटा होने का आरोप, भविष्य में ब्लॉकेज की जताई आशंका
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
रैहन-कंदौर मार्ग के किनारे शुरू किए जा रहे सीवरेज कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए कार्य को बंद करवा दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवरेज के लिए बिछाई जा रही पाइप का आकार अपेक्षाकृत छोटा है, जिससे भविष्य में सीवरेज व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ बार-बार ब्लॉकेज की समस्या पैदा हो सकती है।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आबादी बढ़ रही है और आने वाले समय में सीवरेज का दबाव भी बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में यदि वर्तमान में पर्याप्त क्षमता वाली पाइपलाइन नहीं बिछाई गई तो भविष्य में सीवरेज व्यवस्था को लेकर गंभीर परेशानियां सामने आ सकती हैं। लोगों ने आशंका जताई कि छोटी पाइप होने के कारण अधिक मात्रा में सीवरेज आने पर निकासी प्रभावित हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके पर बिछाई जा रही पाइपलाइन के आकार और क्षमता की तकनीकी जांच करवाई जाए। साथ ही भविष्य की जरूरत और क्षेत्र की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए उचित क्षमता वाली पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया जाए।
लोगों का कहना है कि जब तक उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं किया जाता और विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की जाती, तब तक वे सीवरेज कार्य को आगे नहीं बढ़ने देंगे। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्या का उचित समाधान निकालने की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें