पालमपुर के अरशद धीमान का शानदार प्रदर्शन, HPU ने जीती नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप
पालमपुर के अरशद धीमान का शानदार प्रदर्शन, HPU ने जीती नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप
क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार तीन बार बने मैन ऑफ द मैच; टूर्नामेंट में पांचवें सबसे सफल गेंदबाज रहे अरशद
पालमपुर। पालमपुर के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU), शिमला की क्रिकेट टीम के उपकप्तान अरशद धीमान ने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी और प्रभावशाली गेंदबाजी के दम पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
लखनऊ में 17 से 27 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में HPU की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस दौरान अरशद धीमान ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया और क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल तथा फाइनल—तीनों मुकाबलों में लगातार मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया।
क्वार्टर फाइनल में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के खिलाफ अरशद ने महज 30 गेंदों में 42 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, सेमीफाइनल में लखनऊ विश्वविद्यालय के 18 गेंदों में 21 रन बनाकर टीम को मजबूती प्रदान की। फाइनल मुकाबले में दिल्ली विश्वविद्यालय के खिलाफ उन्होंने 14 गेंदों में 18 रन बनाए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी अरशद धीमान ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूरे टूर्नामेंट में वह पांचवें सबसे सफल विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने HPU की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अरशद की इस शानदार उपलब्धि से पालमपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी मेहनत, प्रतिभा और दबावपूर्ण परिस्थितियों में बेहतरीन प्रदर्शन युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अरशद धीमान की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करने और क्रिकेट जगत में नई ऊंचाइयां हासिल करने की कामना की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें