तस्करों पर प्रहार के साथ समाज भी संभाले मोर्चा, नशामुक्त क्षेत्र बनाने को सरकार प्रतिबद्ध: मलेंद्र राजन
तस्करों पर प्रहार के साथ समाज भी संभाले मोर्चा, नशामुक्त क्षेत्र बनाने को सरकार प्रतिबद्ध: मलेंद्र राजन
भदरोया से गगवाल तक निकाली एंटी चिट्टा वाॅकथान, विधायक ने कहा- नशे के खिलाफ जनसहभागिता सबसे अहम, नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों की 30 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर की कार्रवाई
इंदौरा, 28 नवंबर: क्षेत्र को चिट्टा मुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को भदरोया से गगवाल तक एंटी चिट्टा वॉकथान का आयोजन किया गया। इस जनजागरूकता अभियान में क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन विशेष रूप से उपस्थित हुए। वाॅकथान के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने तथा अपने क्षेत्र और गांवों को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ व्यापक अभियान चला रही है। इसके तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर कार्रवाई अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन अपने क्षेत्र, गांव और आसपास के वातावरण को चिट्टे से मुक्त बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की है।
उन्होंने कहा कि केवल पुलिस और प्रशासन के प्रयासों से नशे के खिलाफ इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक नहीं पहुंचाया जा सकता। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जब तक आम लोग स्वयं आगे आकर नशे के विरुद्ध आवाज नहीं उठाएंगे और अपने आसपास हो रही संदिग्ध गतिविधियों के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक चिट्टा मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करना कठिन है। विधायक ने नूरपुर पुलिस की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी से अर्जित की गई 30 करोड़ रुपये से अधिक की अकूत संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई की है। यह इस बात का प्रमाण है कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए परिवारों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि चिट्टे के खिलाफ इस मुहिम को महज एक आयोजन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को नशे के अभिशाप से सुरक्षित रखा जा सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें