मोहल में जीआरसी का भव्य उद्घाटन, 150 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग
मोहल में जीआरसी का भव्य उद्घाटन, 150 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग
विकास खंड कुल्लू के अंतर्गत मोहल में जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी) का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी कुल्लू, श्री लक्ष्मी चंद शर्मा उपस्थित रहे, जबकि मिशन कार्यकारी नीरज शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुल्लू ब्लॉक के सभी क्लस्टरों के पदाधिकारी, सीआरपी, वीओ तथा स्वयं सहायता समूहों की लगभग 150 महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल सीएलएफ द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। इसके उपरांत मिशन कार्यकारी नीरज शर्मा ने जीआरसी के बारे में विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि जीआरसी का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, महिलाओं की सुरक्षा, उन्हें कानूनी सहायता, परामर्श व मार्गदर्शन प्रदान करना है, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल सकें।
इसके पश्चात खंड विकास अधिकारी लक्ष्मी चंद शर्मा ने सभा को संबोधित किया और अपने विचार रखते हुए कहा कि जीआरसी महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा बनेगा और महिलाओं को आगे आकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं व अतिथियों ने जीआरसी और नई चेतना पर शपथ ग्रहण की। इसके बाद बीडीओ कुल्लू ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो मोहल बाजार से होते हुए गुजरी और लोगों को महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें