श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ स्टोह गांव, आचार्य नारायण प्रपन्न ने किया भागवत महात्म्य का वर्णन
श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ स्टोह गांव, आचार्य नारायण प्रपन्न ने किया भागवत महात्म्य का वर्णन
2 दिसंबर तक चलेगा श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ, तीसरे दिन भी कथा श्रवण के लिए उमड़े श्रद्धालु
अजय सूर्या नेरचौक। उपमंडल बल्ह के स्टोह गांव (डाकघर राजगढ़) में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा हुआ है। 26 नवंबर से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन के तीसरे दिन भी कथा पंडाल श्रद्धालुओं से भरा रहा। कथा व्यास आचार्य नारायण प्रपन्न (रामानुज दास) जी अपनी मधुर वाणी से भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहे हैं।
कथा के दौरान आचार्य नारायण प्रपन्न जी ने धर्म, भक्ति, सत्कर्म और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने और भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा एवं विश्वास रखने की प्रेरणा देती है। कथा श्रवण के लिए स्टोह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
धार्मिक आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह मूल पारायण, गणेश पूजन, पुराण स्वागत एवं व्यास पूजन के साथ कथा प्रवचन हो रहे हैं। वहीं, शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विशेष गायक भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर रहे हैं।
समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ 2 दिसंबर तक चलेगा। अंतिम दिन कथा के उपरांत दोपहर 1 बजे पूर्णाहुति तथा 2 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार पहुंचकर कथा श्रवण करने और धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें