फोरलेन निर्माण और मानसून की चुनौतियों को लेकर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने NHAI अधिकारियों के साथ की बैठक
फोरलेन निर्माण और मानसून की चुनौतियों को लेकर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने NHAI अधिकारियों के साथ की बैठक
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने निजी कार्यालय जसूर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गति तथा मानसून के दौरान सामने आ रही विभिन्न चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सांसद ने फोरलेन परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, क्योंकि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय तक महत्वपूर्ण यातायात सुविधा उपलब्ध करवाएगी।
मानसून के दौरान फोरलेन और संबंधित सड़कों पर जलभराव, भूस्खलन तथा सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां जल निकासी की समस्या सामने आ रही है, वहां ड्रेनेज व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा भूस्खलन एवं सड़क क्षति वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य करवाने के निर्देश दिए गए।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि मानसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सड़क पर मलबा आने या यातायात प्रभावित होने की स्थिति में उसे जल्द हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सांसद ने कहा कि कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में सड़क एवं यातायात सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। फोरलेन परियोजना पूरी होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता को जल्द से जल्द सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
बैठक में NHAI अधिकारियों ने सांसद को फोरलेन परियोजना से संबंधित विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति और मानसून के दौरान किए जा रहे सुरक्षा एवं रखरखाव कार्यों की जानकारी भी दी। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें