राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रीय सेवा योजना और राजनीति विभाग के सहयोग से हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत गाते हुए स्वतंत्रता दिवस रैली के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, भाषण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियाँ प्रमुख रहीं। इस वर्ष की स्वतंत्रता दिवस की थीम ' विकसित भारत 2047 के लिए युवा शक्ति' के तहत 'जागो नौजवान' गीत का समूहगान किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या एवं मुख्य अतिथि डॉ. संगीता सिंह ने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त स्वतंत्रता की गरिमा को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली, रचनात्मक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा सभी ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में प्रो ओंकारचंद, प्रो. राजेश कुमार, डॉ. उज्ज्वल सिंह, डॉ. नीतिका शर्मा, प्रो. नविता देवी, प्रो. विवेकानंद शर्मा, प्रो. लीलाधर, डॉ. योगेश पाण्डेय, श्रीमती अनिता कुमारी, श्री रविंदर कुमार, श्री मनजीत सिंह तथा अन्य और सभी छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें