रिवालसर में विकास कार्यों को लेकर गरजे विधायक इंद्र सिंह गांधी, सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी
रिवालसर में विकास कार्यों को लेकर गरजे विधायक इंद्र सिंह गांधी, सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अजय सूर्या, रिवालसर। रिवालसर में लंबित विकास कार्यों और विभिन्न संस्थानों को डी-नोटिफाई किए जाने के विरोध में बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार पर बल्ह विधानसभा क्षेत्र के साथ विकास के मामले में भेदभाव करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन के बाद बल्ह मंडल रिवालसर एवं नेरचौक मंडल की ओर से नायब तहसीलदार रिवालसर कृष्ण चंद के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भी भेजा गया।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि रिवालसर का बस स्टैंड वर्ष 2022 से लंबित पड़ा है और अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि रिवालसर में स्वीकृत थाना और पूर्व सरकार के समय स्वीकृत आईटीआई को डी-नोटिफाई किया गया है। वहीं करीब 1.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पार्किंग का निर्माण भी अधूरा पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य रुकने के कारण मौके पर पड़ी सामग्री खराब हो रही है।
उन्होंने रिवालसर क्षेत्र की स्वास्थ्य, पेयजल, सीवरेज और सड़क व्यवस्था पर भी चिंता जताई। विधायक ने दुर्गापुर के वेटरनरी अस्पताल को डी-नोटिफाई किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र की पशु चिकित्सा सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।
लेदा में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री लोक भवन का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि भवन का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन शेष कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवन का उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों के लिए होने के बजाय वहां असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की।
विधायक ने बल्ह में विद्युत बोर्ड के डिवीजन को बंद किए जाने तथा डिस्पेंसरी बंद होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रकाश चौधरी पर निशाना साधते हुए उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े किए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विधायक ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज से चिकित्सकों के तबादलों, हिमकेयर योजना और आयुष्मान भारत से जुड़े भुगतान का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है, जबकि क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने चेतावनी दी कि यदि लंबित विकास कार्यों को जल्द शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिवालसर, दुर्गापुर, लेदा और बल्ह सहित जहां-जहां भवन, संस्थान और अन्य विकास कार्य लंबित हैं, वहां धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर सड़क पर बैठकर चक्का जाम करने की चेतावनी भी उन्होंने दी।
धरने के उपरांत बल्ह मंडल रिवालसर एवं नेरचौक मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार रिवालसर कृष्ण चंद के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न मांगों और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई।
बाइट - बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें