विभागीय कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी : संजीव गुलेरिया
विभागीय कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी : संजीव गुलेरिया
रिवालसर में लोगों की समस्याओं का मौके पर किया निपटारा, बस स्टैंड व कार पार्किंग के दस्तावेज एक सप्ताह में तैयार करने के आदेश
अजय सूर्या रिवालसर । एपीएमसी अध्यक्ष जिला मंडी संजीव गुलेरिया ने सोमवार को नगर पंचायत रिवालसर के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान संजीव गुलेरिया ने रिवालसर बस स्टैंड निर्माण तथा कार पार्किंग से संबंधित राजस्व दस्तावेज एक सप्ताह के भीतर तैयार करने के निर्देश जारी किए। वहीं, रिवालसर अस्पताल में स्थापित होने वाली आधुनिक एक्स-रे मशीन के लिए आवश्यक विद्युत संबंधी कार्य जल्द पूरा करने के आदेश वीएमओ कोटली को दिए।
बैठक में सड़क, बिजली, पानी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लोगों की समस्याएं सामने आईं, जिनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समाधान करवाया गया। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा करने को कहा। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
संजीव गुलेरिया ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में चिट्टा माफिया के खिलाफ जमीनी स्तर पर अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बागवानी विभाग को रिवालसर क्षेत्र के किसानों को शिवा प्रोजेक्ट से जोड़ने तथा इसके लाभों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि किसानों का पारंपरिक खेती से बागवानी की ओर रुझान बढ़ सके। उन्होंने रिवालसर में शीघ्र जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। संजीव गुलेरिया ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बल्ह दौरा प्रस्तावित है, जिसमें बल्ह क्षेत्र के लोगों को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरुण ठाकुर, जिला परिषद सदस्य पवन ठाकुर, बल्ह महामंत्री नेत्र सिंह, संजू कपूर, किशोरी लाल, पदम सिंह भाटिया, चमन लाल, नगर पंचायत रिवालसर के पदाधिकारी तथा कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें