1971 के भारत-पाक युद्ध के {नायक} हवलदार गरीबदास का निधन,
1971 के भारत-पाक युद्ध के {नायक} हवलदार गरीबदास का निधन,
सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
अजय सूर्या सरकाघाट मंडी
1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देने वाले देश के वीर योद्धा हवलदार गरीबदास जी आज पंचतत्व में विलीन हो गए। बीमारी के कारण चंडीगढ़ के एक अस्पताल में आज सुबह उनका 75 वर्ष की आयु में दुखद निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र और सैन्य समुदाय में शोक की लहर है।
हवलदार गरीबदास जी ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित '18 डोगरा रेजिमेंट' में लगातार 24 वर्षों तक देश की गौरवपूर्ण सेवा की। उनके परिवार में उनकी धर्मपत्नी, एक पुत्र और तीन बेटियां हैं।
आज उनके पैतृक निवास स्थान गांव सैण सूरजपुर बाड़ी (हिमाचल प्रदेश) में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र विक्की ने उन्हें मुखाग्नि दी। वीर योद्धा को अंतिम विदाई देने के लिए भारी संख्या में पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग उमड़े।
इस भावुक क्षण पर 'यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्स सर्विसमैन' हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष कैप्टन जगदीश वर्मा और सरकाघाट यूनिट के अध्यक्ष कैप्टन अशोक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही सूबेदार मेजर वी. एस. डोगरा, सूबेदार मेजर रमेश जमवाल, सूबेदार राकेश सकलानी, सूबेदार सुरेंद्र सिंह, हवलदार अशोक कुमार, हवलदार राजेंद्र सिंह, सूबेदार ओम प्रकाश, सूबेदार कुलदीप शर्मा, सूबेदार बृजलाल, सूबेदार योगराज, नायब सूबेदार अमृतलाल और नायब सूबेदार जोगिंदर सिंह सहित दर्जनों पूर्व सैनिकों ने शहीद वेदी पर पुष्प चक्र अर्पित कर अपने साथी योद्धा को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें