लंबित मांगों को लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज यूनियन का प्रतिनिधिमंडल संयुक्त निदेशक से मिला
लंबित मांगों को लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज यूनियन का प्रतिनिधिमंडल संयुक्त निदेशक से मिला
सोमवार तक मांगें न मानी गईं तो मंगलवार से आंदोलन की चेतावनी
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चंबा मेडिकल कॉलेज हैल्थ एंड सेनिटेशन वर्कर्स यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल सीटू जिला उपाध्यक्ष विपिन शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के संयुक्त निदेशक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर प्रबंधन को अवगत करवाया तथा इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
यूनियन ने कर्मचारियों को हर माह समय पर वेतन जारी करने की मांग उठाते हुए कहा कि जुलाई माह का वेतन अभी तक लंबित है, जिसे तत्काल जारी किया जाना चाहिए। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए उचित रेस्ट रूम की व्यवस्था करने और कानून के अनुसार मिलने वाली सभी छुट्टियां प्रदान करने की मांग भी रखी गई।
यूनियन ने कर्मचारियों के ईपीएफ की राशि प्रत्येक माह नियमित रूप से जमा करने तथा प्रत्येक कर्मचारी को उसकी पर्ची और विवरण उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही कर्मचारियों को वर्ष में दो बार वर्दी उपलब्ध करवाने और सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को गलबज सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री मुहैया करवाने की मांग भी उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन से सभी मांगों को सोमवार तक पूरा करने का आग्रह किया। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो मंगलवार से मजबूरन आंदोलन शुरू किया जाएगा। यूनियन ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन की होगी।
यूनियन की ओर से जारी विज्ञप्ति में सचिव राधा देवी और अध्यक्षा रेखा देवी ने कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें