विधानसभा सत्र के बीच विपक्षी विधायक को विजिलेंस मुख्यालय बुलाना अभूतपूर्व, विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश लंबे समय तक नहीं चलेगी : सुधीर शर्मा
विधानसभा सत्र के बीच विपक्षी विधायक को विजिलेंस मुख्यालय बुलाना अभूतपूर्व, विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश लंबे समय तक नहीं चलेगी : सुधीर शर्मा
शिमला : गायत्री गर्ग /
पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक सुधीर शर्मा शुक्रवार को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के शिमला स्थित मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ विधायक विपिन सिंह परमार, सतपाल सिंह सत्ती, बलबीर वर्मा, डॉ. जनक राज, इंद्रदत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल और त्रिलोक जम्वाल सहित अन्य भाजपा विधायक भी पहुंचे और सुधीर शर्मा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
मीडिया से बातचीत में सुधीर शर्मा ने कहा कि वह कानून और जांच प्रक्रिया का पूरा सम्मान करते हैं तथा विजिलेंस द्वारा मांगी जा रही जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी की ओर से पूछे गए कई विषयों से संबंधित जानकारी पहले भी दी जा चुकी है और आगे भी जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्य प्रदेश की जनता के सामने आने चाहिए।
विधानसभा सत्र के दौरान बुलाने पर उठाए सवाल
सुधीर शर्मा ने विधानसभा सत्र के बीच उन्हें विजिलेंस मुख्यालय बुलाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह अपने आप में गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का रवैया विपक्ष की आवाज को दबाने वाला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक विधानसभा में प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठा रहे हैं और सरकार से जवाब मांग रहे हैं। ऐसे समय में विपक्षी विधायकों को जांच प्रक्रिया में उलझाए जाने से कई सवाल खड़े होते हैं।
धर्मशाला के मामले में शिमला बुलाने पर सवाल
सुधीर शर्मा ने कहा कि संबंधित मामला धर्मशाला से जुड़ा है और इससे संबंधित दस्तावेज भी वहीं हैं। ऐसे में उन्हें शिमला स्थित विजिलेंस मुख्यालय बुलाए जाने की आवश्यकता और जल्दबाजी पर उन्होंने सवाल उठाए।
उन्होंने जांच प्रक्रिया और प्रोटोकॉल को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच एजेंसी की प्रक्रिया के अनुसार ही सभी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मिले समन से संबंधित जानकारी उसके औपचारिक रूप से प्राप्त होने से पहले ही मीडिया में सामने आ गई थी। इसको लेकर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए।
जांच से नहीं डरते, पूरा सहयोग जारी रहेगा
सुधीर शर्मा ने कहा कि वह जांच से नहीं डरते और एजेंसी द्वारा मांगे जाने वाले प्रत्येक सवाल का जवाब तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर देंगे। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद वास्तविक स्थिति प्रदेश की जनता के सामने आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के संबंध में जांच पूरी होने से पहले धारणा बनाना उचित नहीं है। उन्होंने जांच को तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाने की बात कही।.
जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष को जांच में उलझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक रोजगार, विकास, आर्थिक स्थिति, कानून-व्यवस्था और जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषय विधानसभा में उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से विपक्ष को डराया या चुप नहीं कराया जा सकता। भाजपा विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर प्रदेश की जनता की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक उनके साथ एकजुट होकर खड़े हैं और आने वाले समय में जांच से जुड़े सभी तथ्य प्रदेश की जनता के सामने आने चाहिए। उन्होंने दोहराया कि विपक्ष जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें