बी.कॉम विद्यार्थियों के लिए मेंटर–मेंटी सत्र आयोजित
बी.कॉम विद्यार्थियों के लिए मेंटर–मेंटी सत्र आयोजित
रिवालसर : अजय सूर्या /
राजकीय महाविद्यालय रिवालसर के वाणिज्य विभाग की ओर से बी.कॉम विद्यार्थियों के लिए मेंटर–मेंटी सत्र आयोजित किया गया। सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, करियर योजना, कौशल विकास एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं मेंटर प्रो. यश पाल ने विद्यार्थियों के साथ उनकी शैक्षणिक प्रगति और नियमित उपस्थिति को लेकर संवाद किया। इस दौरान पढ़ाई से संबंधित समस्याओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा शैक्षणिक प्रदर्शन में निरंतर सुधार के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं मेंटर प्रो. रामनीक शर्मा ने विद्यार्थियों को करियर योजना, कौशल विकास एवं भविष्य के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर विकल्प चुनने तथा उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर योजना बनाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों को खेलकूद, एनएसएस, रोवर एवं रेंजर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित महाविद्यालय की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। मेंटर्स ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व और कौशल विकास को सुनिश्चित करना भी है।
सत्र में विद्यार्थियों की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को भी सुना गया और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग का आश्वासन दिया गया। अंत में विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के माध्यम से अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। सत्र शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक एवं सार्थक संवाद के साथ संपन्न हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें