वैहना-14 और धौंदी-15 वार्ड को नगर निगम से बाहर करने की मांग, विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
वैहना-14 और धौंदी-15 वार्ड को नगर निगम से बाहर करने की मांग, विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
मंडी : अजय सूर्या /
नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर 14 वैहना और वार्ड नंबर 15 धौंदी को नगर निगम क्षेत्र से बाहर करने की मांग को लेकर बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रदेश सरकार से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
विधानसभा में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इन दोनों वार्डों को नगर निगम क्षेत्र से बाहर करने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। वहीं, वैहना वार्ड में लंबित नगर निगम चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग के परामर्श से शीघ्र करवाने का प्रयास करने की बात सरकार की ओर से कही गई है।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह से आग्रह है कि वैहना और धौंदी वार्ड के लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इन ग्रामीण क्षेत्रों को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों और लोगों से जो आश्वासन दिए गए थे, सरकार को उन पर कायम रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में अभी भी नगर निगम स्तर की मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर नगर निगम के टैक्स का बोझ डालना उचित नहीं है।
विधायक ने प्रदेश सरकार से मांग की कि वैहना और धौंदी को दोबारा पंचायत व्यवस्था के अंतर्गत लाया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक इन क्षेत्रों में नगर निगम के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जातीं, तब तक यहां नगर निगम चुनाव करवाने के बजाय पंचायत व्यवस्था बहाल कर लोगों को उनकी मांग के अनुरूप प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें