बस सेवा बंद होने से बरंडा-रिट पंचायतों के दर्जनों गांवों की जनता परेशान
बस सेवा बंद होने से बरंडा-रिट पंचायतों के दर्जनों गांवों की जनता परेशान
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर-कंडवाल क्षेत्र की बरंडा और रिट पंचायतें घनी आबादी वाली पंचायतों में शामिल हैं। इन दोनों पंचायतों के दर्जनों गांवों में पिछले करीब एक माह से बस सेवा प्रभावित होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार बरंडा और रिट पंचायतों को जसूर से जोड़ने वाली बस सुबह, दोपहर और शाम तीनों समय नियमित सेवा देती थी। करीब एक माह पहले बस खराब होने के बाद से यह सेवा बंद पड़ी है। बस सेवा बंद होने का सबसे अधिक असर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के अलावा नौकरी और अन्य जरूरी कामकाज के लिए जसूर तथा आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बस सेवा बहाल नहीं होने के कारण उन्हें निजी वाहनों अथवा अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे उनका समय और आर्थिक खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और स्थानीय विधायक से मामले में हस्तक्षेप करते हुए जल्द से जल्द बस सेवा बहाल करवाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि बरंडा पंचायत स्थानीय विधायक की मूल पंचायत भी है।
इस संबंध में एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए आरटीओ धर्मशाला को अवगत करवाया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बस सेवा जल्द बहाल हो सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें