नेरचौक-जाहू हाईवे पर हादसाः स्कूटी सवार 35 वर्षीय दीप कुमार ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
नेरचौक-जाहू हाईवे पर हादसाः स्कूटी सवार 35 वर्षीय दीप कुमार ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
रिवालसर : अजय सूर्या /
उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत नेरचौक-जाहू सुपर हाईवे पर मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल स्कूटी सवार की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीप कुमार, निवासी गांव गुम्हू के रूप में हुई है। बुधवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम गुम्हू (भांबला) के पास हाईवे पर एक कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हुई। कार चालक कलखर की ओर से आ रहा था, जबकि दीप कुमार स्कूटी पर जाहू की तरफ जा रहे थे।
गुम्हू के समीप हुई इस भिड़ंत के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई की ओर जाकर एक पेड़ से टकरा गई। गनीमत रही कि कार पेड़ से रुक गई, जिससे कार सवारों की जान बच गई।
हादसे में दीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिवालसर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें