केंद्रीय बजट 2026 देश को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला बजट — रविंद्र धीमान - Smachar

Header Ads

Breaking News

केंद्रीय बजट 2026 देश को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला बजट — रविंद्र धीमान

 केंद्रीय बजट 2026 देश को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला बजट — रविंद्र धीमान


जयसिंहपुर के पूर्व विधायक  रविंद्र धीमान ने केंद्रीय बजट 2026 का स्वागत करते हुए इसे देश के समग्र विकास का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के भविष्य का रोडमैप है, जिसमें गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सभी का ध्यान रखा गया है।


रविंद्र धीमान ने कहा कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के जो प्रावधान किए गए हैं, वे आने वाले समय में देश की बेरोजगारी की समस्या को कम करने में सहायक होंगे। डिजिटल स्किल्स, नई तकनीक और नवाचार पर जोर देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है।


उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, सिंचाई, भंडारण, ग्रामीण आधारभूत ढांचे और कृषि से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रावधान से किसानों की आय बढ़ेगी। पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों को इससे विशेष लाभ मिलेगा, जिससे पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगेगा।


पूर्व विधायक ने बताया कि बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी और समाज में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।


उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी पर बजट का फोकस देश के हर कोने को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेगा। 


रविंद्र धीमान ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग को राहत, गरीबों को सुरक्षा और देश की अर्थव्यवस्था को स्थिरता देने वाला है। इससे निवेश का माहौल बेहतर होगा और भारत की आर्थिक मजबूती और बढ़ेगी।


अंत में उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसके लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है।

कोई टिप्पणी नहीं