मौवी सेरी क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट, समाजसेवी राकेश कुमार ने प्रशासन पर उठाए सवाल
मौवी सेरी क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट, समाजसेवी राकेश कुमार ने प्रशासन पर उठाए सवाल
गोहर : अजय सूर्या /
मौवी सेरी क्षेत्र में लगातार बनी पेयजल समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने पर समाजसेवी राकेश कुमार ने प्रशासन और जल शक्ति विभाग के प्रति नाराज़गी जताते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई है।
जल शक्ति विभाग के अनुसार कई महीनों से पर्याप्त वोल्टेज न मिलने के कारण उठाऊ पेयजल योजना से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। विभाग का कहना है कि गोहर और बग्गी क्षेत्र से आवश्यक वोल्टेज उपलब्ध न होने की वजह से पानी नहीं उठाया जा पा रहा, जिससे मौवी सेरी सहित आसपास के इलाकों में जलापूर्ति बाधित है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजसेवी राकेश कुमार ने कहा कि वोल्टेज की समस्या का तर्क वर्षों से सुनने को मिल रहा है, लेकिन इसका खामियाजा हमेशा ग्रामीणों और गरीब परिवारों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पेयजल संकट की समस्या बार-बार ग्रामीण क्षेत्रों में ही क्यों सामने आती है।
राकेश कुमार ने बताया कि जब भी जल विभाग पानी की सप्लाई लाइनें खोलता है, उस समय भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि मौवी सेरी रोड पर केवल एक हैंडपंप उपलब्ध है, जिसके आसपास गंदगी फैली हुई है। ऐसी स्थिति में लोगों को मजबूरन पाइप लगाकर पानी भरना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में पेयजल संकट का स्थायी समाधान किया जाए और हैंडपंप के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
राकेश कुमार ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को लिखित व मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया और हैंडपंप क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रशासन का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें