विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता अभियान, दिलाई गई नशामुक्ति की प्रतिज्ञा
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता अभियान, दिलाई गई नशामुक्ति की प्रतिज्ञा
रिवालसर : अजय सूर्या /
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रिवालसर द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत 30 मई 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, रिवालसर में विद्यार्थियों को तथा 31 मई 2026 को आम नागरिकों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बीके सुनीता दीदी एवं बीके सोमा बहन जी ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ, सुखी और श्रेष्ठ जीवन जिया जा सकता है।
30 मई को सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को भी तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बीके सुनीता दीदी और बीके सोमा बहन जी ने सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को तंबाकू तथा सभी प्रकार के नशों से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशामुक्त रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता बैनरों, प्रेरणादायक संदेशों एवं संवाद के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण अभियान बताया।
"नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो — स्वस्थ भारत, नशामुक्त भारत।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें