रिवालसर थाना बहाल हो, क्षेत्र सुरक्षित हो : विधायक इंद्र सिंह गांधी
रिवालसर थाना बहाल हो, क्षेत्र सुरक्षित हो : विधायक इंद्र सिंह गांधी
विधानसभा में उठी पुलिस थाना पुनः स्थापित करने की मांग, 25 पंचायतों को मिलेगा लाभ
अजय सूर्या नेरचौक 1 सितंबर। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने विधानसभा सदन में रिवालसर पुलिस थाना पुनः बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि रिवालसर क्षेत्र की करीब 25 पंचायतों के लोग लंबे समय से पुलिस थाना बहाल करने की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें बेहतर सुरक्षा और पुलिस सेवाएं मिल सकें।
विधायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के कार्यकाल में रिवालसर में पुलिस थाना खोला गया था, जिसे वर्तमान कांग्रेस सरकार ने डिनोटिफाई कर दिया। उन्होंने कहा कि रिवालसर एक महत्वपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां पुलिस थाना होना आवश्यक है।
इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी थाना पुनः स्थापित किया जाना जरूरी है। इससे आसपास की पंचायतों के लोगों को समय पर पुलिस सहायता मिलेगी और कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। रिवालसर थाना बहाल करना केवल भाजपा की मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की जनहित से जुड़ी मांग है।
विधायक ने बल्ह के कुछ कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग बड़ी-बड़ी राजनीतिक बातें करते हैं, लेकिन विकास और जनहित से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर उनकी भूमिका निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से बल्ह का विकास संभव नहीं है। सरकार और स्थानीय नेताओं को क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि रिवालसर के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व तथा करीब 25 पंचायतों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस थाना को तत्काल पुनः नोटिफाई कर बहाल किया जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें