पेंशनरों की लंबित मांगों पर फूटा आक्रोश, स्मार्ट मीटर का कड़ा विरोध
पेंशनरों की लंबित मांगों पर फूटा आक्रोश, स्मार्ट मीटर का कड़ा विरोध
पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन खंड इकाई चम्बा की महत्वपूर्ण बैठक प्रधान लेख राज ठाकुर की अध्यक्षता में डे केयर सेंटर में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त किया। जिला पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद भी पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया गया कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को नई अधिसूचना का लाभ नहीं मिल रहा है। इस कारण प्रदेश के लगभग 35 हजार से अधिक पेंशनर वित्तीय लाभों से वंचित हैं। पेंशनरों को लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और कम्युटेशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही, डी.ए. की किस्तों के संबंध में भी अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इस बैठक में पेंशनरों ने स्मार्ट मीटर लगाने के निर्णय का भी कड़ा विरोध किया और स्मार्ट मीटर न लगाने की मांग भी उठाई। बैठक के अंत में पेंशनरों ने मुख्यमंत्री से पुरजोर अपील करते हुए कहा कि आगामी बजट में पेंशनरों की इन वित्तीय समस्याओं के लिए उचित बजट का प्रावधान किया जाए। 31 मार्च से पहले मेडिकल बिलों का पूर्ण भुगतान सुनिश्चित किया जाए और बकाया 4 प्रतिशत डी.ए. की अधिसूचना तत्काल जारी की जाए।


कोई टिप्पणी नहीं