12000 फीट की ऊंचाई पर काजा में हिमाचल दिवस समारोह प्रदेश के गठन के बाद पहली बार हुआ - Smachar

Header Ads

Breaking News

12000 फीट की ऊंचाई पर काजा में हिमाचल दिवस समारोह प्रदेश के गठन के बाद पहली बार हुआ

12000 फीट की ऊंचाई पर काजा में हिमाचल दिवस समारोह प्रदेश के गठन के बाद पहली बार हुआ


मुख्यमंत्री सुक्खू ने काजा में राज्य स्तरीय समारोह में भूस्खलन में 36 विद्यार्थियों की जान बचाने वाले अध्यापक लकेश चंदेल को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया

मुख्यमंत्री सुक्खू ने आदिवासी जिले लाहौल स्पीति के काजा में हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण किया। यह पहली बार हुआ कि विशेष राज्य स्तरीय समारोह काजा में आयोजित किया गया। 

मुख्यमंत्री ने काजा के क्रिकेट मैदान में पौधारोपण भी किया।

लाहौल स्पीति के काजा में राज्यस्तरीय समारोह में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस, होमगार्ड, ट्रैफिक पुलिस, आईआरबी, एनसीसी कैडेट, आईटीबीपी और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड कमांडर अमित यादव ने मार्च पास्ट का नेतृत्व किया। लगभग 12000 फीट की ऊंचाई पर काजा में हिमाचल दिवस समारोह प्रदेश के गठन के बाद पहली बार हुआ।

 मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों को हिमाचल दिवस की बधाई देते हुए राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री डाॅ. यशवंत सिंह परमार और हिमाचल प्रदेश को विशेष पहचान और पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। 

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं की प्राथमिक पाठशाला छत के अध्यापक लकेश चंदेल को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल भवन के समीप भूस्खलन में 36 विद्यार्थियों की जान बचाई थी। 

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोकगीतों को संरक्षित करने के लिए प्रसिद्ध लोकगायक करनैल राणा और साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सोलन जिले के नेम चंद को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया। सिरमौर जिले की रानी को खेल गतिविधियों में उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए हिमाचल गौरव पुरस्कार दिया। 


राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल की टीबी उन्मूलन टीम को सिविल सेवा पुरस्कार दिया गया। पाइनग्रोव स्कूल कसौली के कार्यकारी निदेशक कैप्टन अमर्योत सिंह, मंडी जिले के पदमश्री नेक राम शर्मा और शिमला जिले के कोटखाई के प्रेम सिंह चौहान को प्रेरणास्रोत अवार्ड से सम्मानित किया गया। 

76 वें हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को खास तोहफा देने का ऐलान किया।सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। इससे राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए अब डीए 31 फीसदी से बढ़ कर 34 फीसदी हो जाएगा। सीएम सुक्खू के इस ऐलान से करीब 2.15 लाख कर्मचारियों और 1.90 लाख पेंशनभोगियों को फायदा मिलेगा।


हिमाचल सरकार स्पीति की सभी 18 वर्ष से अधिक आयु की 9,000 महिलाओं को 1,500 रु मासिक भत्ता देगी। इसका भी ऐलान कर दिया गया है। ये सहायता राशि जून 2023 से दी जाएगी। ये राशि 'हर घर लक्ष्मी, नारी सम्मान निधि' पहल के तहत दी जाएगी, जिसका मकसद इस क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री ने काजा में 50 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और एक कॉलेज बनाने का भी ऐलान किया। सीएम के मुताबिक स्पीति घाटी के रंगरिक में हवाई पट्टी डेवलप करने का मुद्दा रक्षा मंत्रालय के सामने उठाया जाएगा। वहीं लंग्जा में तारों को देखने वाली वेधशाला तैयार की जाएगी, जिसमें केंद्र सरकार की सहायता ली जाएगी। काजा के पास राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल तैयार किया जाएगा। इसके लिए जमीन की पहचान कर ली गई है।

इस मौके पर विधायक रवि ठाकुर, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, पूर्व मंत्री फुंचोग राय, पूर्व विधायक रघुवीर सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान और अन्य उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं